BILASPUR NEWS. जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संबलपुरी में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बाईपास रोड के पास स्थित एक खेत में 27 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, मृतक सतीश कौशिक (27), जो कि पेशे से पेंटिंग का काम करता था, रोजाना की तरह शनिवार सुबह घर से काम के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह काम पर जाने के बजाय अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। दोपहर करीब 12 बजे तक वह अपने दोस्तों के साथ देखा गया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।


अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
दोपहर बाद ग्रामीणों ने बाईपास रोड के पास खेत में एक अर्धनग्न शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक के सिर के पिछले हिस्से और चेहरे पर किसी भारी व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जांच में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वॉड
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने फोरेंसिक एक्सपर्ट और सर्च डॉग को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने उन युवकों को हिरासत में लिया है, जो सुबह सतीश के साथ शराब पी रहे थे। उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




































