SANCHORE NEWS. जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एथेनॉल से भरा टैंकर पलटने के बाद धू-धू कर जल उठा। हादसे में टैंकर का ड्राइवर केबिन में फंसने के कारण जिंदा जल गया, जबकि उसके भाई ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर करीब 200 मीटर तक आग की लपटें फैल गईं।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:00 बजे सिंवाड़ा ओवरब्रिज पर हुआ। बताया जा रहा है कि अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज आई, जिसके बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड की तरफ पलट गया। टैंकर का पिछला हिस्सा डिवाइडर पर टिक गया और एथेनॉल का रिसाव शुरू हो गया। ढलान होने के कारण ज्वलनशील पदार्थ नीचे तक बह गया और देखते ही देखते पूरे इलाके में आग फैल गई।

भाई की आंखों के सामने जल गया भाई
हादसे के वक्त टैंकर में ड्राइवर सुखराम (34) निवासी मोखावा (बाड़मेर) और उसका बुआ का बेटा नरसीराम (26) सवार थे। नरसीराम ने बताया कि गाड़ी पलटते ही आग लग गई। वह तो किसी तरह दरवाजे से कूद गया, लेकिन सुखराम केबिन में ही फंसा रह गया। नरसीराम को घायल अवस्था में सिंवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
हादसे की सूचना मिलते ही सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ड्राइवर सुखराम का शरीर पूरी तरह जल चुका था।

गुजरात जा रहा था टैंकर
चितलवाना थाने के एएसआई मोहनलाल ने बताया कि टैंकर (GJ-12-BZ-9820) भटिंडा (पंजाब) से एथेनॉल भरकर कांडला (गुजरात) जा रहा था। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



































