BILASPUR NEWS. सकरी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां शराब के नशे में एक युवक की उसके ही दोस्त और उसके भाई ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को प्रार्थी कृष्णा कौशिक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है। मामले में सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि घटना के बाद से संदिग्ध आरोपी राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38) और गणेश कौशिक (36) फरार हैं। 16 मार्च को बीट आरक्षकों को सूचना मिली कि दोनों आरोपी ग्राम पांड क्षेत्र में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम मेंण्ड्रा से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे मृतक सतीश कौशिक के साथ शराब पीने गए थे। नशे की हालत में गाली-गलौच को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर सतीश की पिटाई कर दी। मारपीट में सिर और मुंह पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मरही माता की ओर भाग गए थे और बाद में अपने ससुराल में छिपकर बाहर भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और बीट आरक्षकों की मुस्तैदी से उन्हें पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।


































