BILASPUR NEWS. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार प्रताप टॉकीज चौक के पास देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, प्रताप चौक स्थित ‘साक्षी फैशन’ में तड़के करीब 3 बजे आग लग गई। दुकान संचालक कृष्णा बनर्जी उस समय शहर से बाहर थे। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत परिजनों और दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।


बुझी नहीं चिंगारी, फिर भड़की आग
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था, लेकिन कुछ घंटों बाद आग एक बार फिर भड़क उठी। आशंका है कि आग पूरी तरह से बुझाई नहीं जा सकी थी, जिसके चलते सुलगती चिंगारियां दोबारा लपटों में बदल गईं और अन्य दुकानों तक फैल गईं।

तीन दुकानों का सामान जलकर खाक
इस भीषण आग में कपड़ों का भारी स्टॉक, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दुकान संचालक के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में आंका जा रहा है।
फिलहाल दमकल और पुलिस की टीम मौके पर तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जताई है।



































