BILASPUR NEWS. शहर के 36 मॉल स्थित सिने मैक्स सिनेमाघर में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ का प्रीमियर शो तय समय पर शुरू नहीं हो सका। शो में करीब एक घंटे की देरी से नाराज दर्शकों ने सिनेमाघर परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टिकट राशि लौटाने की मांग की।

घंटेभर इंतजार के बाद भड़के दर्शक
जानकारी के अनुसार, शाम 5 बजे के शो के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहले से ही सिनेमाघर पहुंच चुके थे। परिवार और बच्चों के साथ आए लोगों को जब निर्धारित समय पर फिल्म शुरू होते नहीं दिखी, तो उनकी नाराजगी बढ़ती गई। शाम 6 बजे तक भी स्क्रीनिंग शुरू नहीं होने पर दर्शकों ने हंगामा शुरू कर दिया।

महंगे टिकट पर सेवा नहीं, आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि प्रीमियर शो के नाम पर उनसे सामान्य दिनों की तुलना में अधिक शुल्क लिया गया, बावजूद इसके उन्हें समय पर फिल्म नहीं दिखाई गई। दर्शकों ने इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए तत्काल रिफंड की मांग की।

प्रबंधन ने मानी चूक, तकनीकी कारण बताए
मामले में सिने मैक्स प्रबंधन ने खेद व्यक्त करते हुए बताया कि फिल्म की डिजिटल प्रिंट समय पर उपलब्ध नहीं हो पाई, जिसके चलते शो में देरी हुई। प्रबंधन के अनुसार, कंटेंट मिलते ही फिल्म को स्क्रीन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

हालांकि, इस घटना ने सिनेमाघर प्रबंधन की तैयारियों और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दर्शकों ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने की मांग की है।




































