BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सोमवार क बिलासपुर हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। बताया जा रहा है कि यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी। ई-मेल मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे हाईकोर्ट परिसर को खाली करा लिया। सभी कर्मचारियों, वकीलों और मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया, वहीं जज और मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

मामले की सूचना मिलते ही डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच भी कड़ी कर दी गई है।

बेमेतरा जिला न्यायालय को भी मिली धमकी
इससे पहले बेमेतरा जिला न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर भी एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। ई-मेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर को खाली कराकर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम की मदद से न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह ई-मेल ‘सुभाष विश्वास’ नाम के एक ई-मेल आईडी से भेजा गया बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह संदेश किसने और कहां से भेजा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जांच जारी है।


































