BILASPUR NEWS. जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुकुंदपुर में एक शादी समारोह के दौरान बासी खाना खाने से करीब 40 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। बीमारों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मुकुंदपुर के एक परिवार में 7 मार्च को शादी समारोह का कार्यक्रम था। इस दौरान गांव के लोगों के साथ-साथ बाहर से आए रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद बचा हुआ बासी खाना (दाल, चावल और गोभी की सब्जी) अगले दिन मेहमानों और ग्रामीणों को परोसा गया। खाना खाने के कुछ समय बाद ही लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।


मस्तूरी और पामगढ़ में चल रहा उपचार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी बीमार लोगों को तुरंत मस्तूरी और पामगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। मस्तूरी बीएमओ डॉ. अनिल कुमार कंवर ने बताया कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गढ़ेवाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बीएमओ और विभाग की टीम को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। डॉ. गढ़ेवाल ने खुद अस्पताल पहुंचकर बीमारों का हाल जाना और शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घर-घर सर्वे करने और जरूरत के अनुसार दवाइयां बांटने के निर्देश दिए हैं। मामले की विस्तृत जांच के लिए एक पांच सदस्यीय टीम भी गठित की गई है।



































