BILASPUR NEWS. जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में बकरी-बकरा चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम सेवार और ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी किए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 77 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 15 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा उसके मवेशियों की चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चिलहाटी—को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए मवेशियों में से कुछ बकरों को काटकर बेच दिया गया था, जिसकी बिक्री से प्राप्त 4,000 रुपए की राशि जब्त की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




































