BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू घोंपकर केवल इसलिए हत्या कर दी क्योंकि युवक ने उसे मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मूलतः रतनपुर के ग्राम कर्रा निवासी कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25), शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था और उसलापुर के एक होटल में काम करता था। कुछ समय पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राम झलमला निवासी रोशनी सूर्यवंशी (22) से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई।

ब्लॉक करने पर भड़का गुस्सा
बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद कामता ने रोशनी का नंबर ब्लॉक कर दिया। इस बात से नाराज रोशनी मंगलवार सुबह सीधे कामता के कमरे पर पहुँच गई। दरवाजा खुलते ही उसने कामता से उसका मोबाइल दिखाने की मांग की, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

सीने पर किया घातक वार
विवाद इतना बढ़ा कि रोशनी ने अपने पास रखे चाकू से कामता के सीने पर सीधा वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर कामता का रूम पार्टनर वहां पहुंचा, लेकिन तब तक कामता खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुका था। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी युवती पुलिस की गिरफ्त में
वारदात के बाद मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, युवती को शक था कि युवक ने उसे ब्लॉक कर किसी दूसरी लड़की से दोस्ती कर ली है, इसी रंजिश में उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।



































