BILASPUR NEWS. न्यू ईयर की रात बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांजा बेचने से मना करने पर दो सगे भाइयों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कुंदरू मंदिर गली के पास रहने वाला अजीत विश्वास 31 दिसंबर की रात अपने दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी मना रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में गांजा सहित नशीले पदार्थ बेचने वाले बलराज ध्रुव और बलवीर ध्रुव वहां पहुंचे। अजीत ने उन्हें समझाइश दी कि न्यू ईयर की रात पुलिस अलर्ट पर रहती है, इसलिए मोहल्ले में गांजा न बेचें।

अजीत की बात सुनते ही दोनों भाई उससे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अजीत को घेर लिया। आरोप है कि पहले एक भाई ने चाकू निकालकर अजीत के गले पर वार किया, इसके बाद दूसरे भाई ने उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजीत खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के दौरान विवाद होता देख मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन इससे पहले ही दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। अजीत की हालत गंभीर देख उसके दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों फरार भाइयों की तलाश शुरू कर दी है।
नए साल की रात हुई इस सनसनीखेज घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।




































