RAIPUR NEWS. साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले में रायपुर महानगरीय पुलिस जिला में पुलिस आयुक्त प्रणाली को 23 जनवरी से लागू किए जाने के संबंध में निर्णय लिया गया है। इस फैसले के बाद अब पूरे पुलिस महकमे में यह चर्चा शुरू हो गई है कि नए पुलिस कमिश्नरेट का स्वरूप क्या होगा? कौन सा एरिया पुलिस कमिश्नर के अधीन रहेगा ?

इस फैसले के बाद चर्चाओं में एक बात यह भी सामने आई है कि रायपुर ज़िले की पुलिसिंग व्यवस्था को दो भागों में बांटा जा सकता है। एक हिस्सा पुलिस कमिश्नर के अधीन होगा और ग्रामीण इलाके के लिए एसपी रूरल का पद क्रिएट किया जा सकता है।

चूँकि पुलिस कमिश्नर आईजी स्तर के अधिकारी होंगे, इसलिए ज़ाहिर है कि एक तरह से पूरे जिले का पुलिस सिस्टम कमिश्नर के अधीन ही होगा, लेकिन व्यवस्था के दृष्टिकोण से रायपुर में अलग से एसपी रूरल (ग्रामीण) का पद सृजित किया जा सकता है।

यह माना जा रहा है कि एसपी रूरल के एरिया में अभनपुर, आरंग, धरसीवा और तिल्दा रहने वाले हैं। इसके बाद शेष रायपुर का निगम एरिया और नया रायपुर बचता है। नया रायपुर बसाहट के लिहाज से नहीं, बल्कि विधानसभा, मंत्रालय समेत पूरी सरकार की मौजूदगी के कारण बहुत अहम हो जाता है। इसलिए यह बात सामने आ रही है कि मौजूदा रायपुर (निगम एरिया) और नया रायपुर सीधे ही पुलिस कमिश्नर के सुपरविजन में रहेगा। हालांकि अभी 23 दिन बाकी है। देखना होगा कि पुलिस व्यवस्था किस तरह से नया रूप लेती है।





































