BILASPUR NEWS. तखतपुर क्षेत्र में एक ही परिवार के लिए त्रासदी बनकर आया। पहले मां की मौत, फिर मां का शव देखकर लौट रहे बेटे और उसके दोस्त की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। एक ही दिन में तीन जनों की अकस्मात मौत से अरईबंद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अरईबंद निवासी इंद्राबाई बंजारे दोपहर तबियत खराब होने पर बाइक से तखतपुर अस्पताल लाई जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में गिरने से उन्हें गंभीर चोट आई और शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।

यह दुखद खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, इंद्राबाई के बेटे संत बंजारे और उसका मित्र जितेंद्र बंजारे तुरंत बाइक से तखतपुर अस्पताल पहुंचे। मां का शव देखने के बाद दोनों रात में अपने गांव लौट रहे थे ताकि अन्य परिजनों को मृत्यु की सूचना दे सकें।

लेकिन किस्मत ने यहां भी उन्हें मौका नहीं दिया। ग्राम खपरी के पास रात करीब 9 बजे उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही संत बंजारे और उसके दोस्त जितेंद्र बंजारे की मौत हो गई।

एक ही दिन में मां और दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में बुधवार को हर घर में इस दर्दनाक घटना की चर्चा रही और लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।




































