BILASPUR NEWS. धान खरीदी से ठीक पहले छत्तीसगढ़ में सहकारी समिति कर्मचारी संघ और कंप्यूटर ऑपरेटर संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आज हड़ताल के 11 वें दिन बिलासपुर के संभागीय प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक प्रदर्शनकरियों को समर्थन देने पहुंचे।

दरअसल सहकारी समिति कर्मचारी संघ और कंप्यूटर ऑपरेटर संघ अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश भर में हड़ताल पर हैं। आशंका है कि इसका सीधा असर 15 नवंबर से होने जा रही धान खरीदी पर पड़ेगा। प्रदेश के करीब 15 हजार कर्मचारी सभी संभागों में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में धान खरीदी पर संशय के बादल घिरते जा रहे हैं।

आज बिलासपुर में आंदोलनरत कार्यकर्ताओं का कांग्रेस ने समर्थन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ये कार्यकर्ता अपनी जायज़ मांगों को लेकर धरने पर हैं और कांग्रेस इनका पूरी तरह से समर्थन करती है। अगर सरकार जल्द ही इनकी मांग पूरी नहीं करती है तो कांग्रेस इनके साथ मिलकर उग्र प्रदर्शन भी करेगी।

धान की खरीदी को लेकर केंद्रों में तैयारी नहीं
इधर जांजगीर-चाम्पा जिले में धान की खरीदी को लेकर केंद्रों में कोई तैयारी नहीं की गई है। जिले के 129 केंद्रों में सन्नाटा है। बारदाना नहीं पहुंचा है, इस तरह 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने की संभावना नजर नहीं आ रही है। दूसरी ओर, सहकारी बैंक से जुड़े प्रबन्धक, खरीदी प्रभारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर है। ऐसे में धान खरीदी को लेकर केंद्रों में प्रारंभिक तैयारी नहीं हुई है।

इस मामले में किसानों का कहना है कि जिले में नहर की वजह से धान की फसल देर से तैयार होती है। अभी 10 दिन बाद ही केंद्रों में धान आना शुरू होगा। लेट वेरायटी के धान की बोआई होती है, इसलिए कटाई में देरी होने से खरीदी भी देरी से होती है। धान खरीदी केंद्रों में तैयारी नहीं होने को लेकर कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने सरकार पर किसान हित में ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है।




































