BHOPAL NEWS. भोपाल के पुलिस मुख्यालय में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर दोस्त के घर से चोरी करने का मामला दर्ज हुआ है। जहांगीराबाद थाने में डीएसपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें कल्पना रघुवंशी चोरी करते नजर आईं।

पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मुख्यालय भी उनके पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार, गल्ला मंडी क्षेत्र में रहने वाली प्रमिला तिवारी ने यह केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह कल्पना रघुवंशी की दोस्त हैं। प्रमिला ने बताया कि 24 सितंबर को दोपहर के समय एक बैग, जिसमें मोबाइल और दो लाख रुपये रखे थे, उनके घर से चोरी हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
सीसीटीवी फुटेज देखने पर प्रमिला को पता चला कि कल्पना रघुवंशी उनके घर में घुसी और जाते समय उनके हाथ में नोटों की गड्डी थी। प्रमिला को यकीन नहीं हुआ कि उनकी डीएसपी दोस्त ऐसा कर सकती हैं। बाद में उन्होंने नामजद शिकायत थाने में दी। पुलिस ने जांच के बाद पुष्टि की और डीएसपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया।

मोबाइल लौटाया, रुपए नहीं
एसीपी बिट्टू शर्मा ने बताया कि महिला डीएसपी ने शिकायत का पता लगते ही मोबाइल तो लौटा दिया। मगर, दो लाख रुपये नहीं लौटाए। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है और पुलिस मुख्यालय ने भी नोटिस देकर डीएसपी से जवाब मांगा है।





































