BHILAI NEWS. भिलाई में पड़ोस में रहने वाली युवती के साथ प्रेम प्रसंग युवक को इतना महंगा पड़ा कि उसकी जान चली गई। यह पूरा मामला खुर्सीपार के मांझी मोहल्ले का है। जहां प्रेमिका के भाई और परिवार ने मिलकर प्रेमी की सिर पटक-पटक कर हत्या कर दी। आज लहुलुहान हालत में धीरज सरोज को सुपेला अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दरअसल यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। इधर युवक के साथ मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि धीरज का प्रेमप्रसंग उसके घर के सामने रहने वाली युवती से चल रहा था। पहले भी दोनों परिवार के बीच इस मामले को लेकर बहस हो चुकी थी।

इसी बीच आज सुबह उस युवती ने धीरज को अपने घर पर बुलाया। इसी बीच घर पर पहले से मौजूद युवती के भाइयों ने उसके संग मारपीट शुरू कर दी। उसका सिर दीवार पर पटका और गला भी दबाया। धीरज की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और युवक को अस्पताल लेकर आए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल ही आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग में भी हुई थी ऐसी ही वारदात
इसके पहले दुर्ग जिले में बीते गुरुवार रात हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने किया था। रानीतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खर्रा में मातर उत्सव के दौरान एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। दरअसल, उत्सव के दौरान गांव की एक लड़की अपने प्रेमी के साथ बाइक पर घूम रही थी। इसी के चलते लड़की के भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी।

घटना रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की है। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि ग्राम खर्रा में मातर उत्सव आयोजित था, जिसमें पास के ही गांव रेंगा कठेरा निवासी 24 साल का युवक खूबीराम पिता कृष्ण कुमार अपने रिश्तेदारों से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान वह अपनी प्रेमिका से भी मिला, जो ग्राम खर्रा की ही रहने वाली थी। दोनों बाइक पर बैठकर गांव में घूम रहे थे, तभी प्रेमिका के भाई के दोस्तों ने उन्हें देख लिया और सारी जानकारी भाई को दी। इसके बाद प्रेमिका के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। देर रात मौका पाकर उन्होंने खूबीराम को घेर लिया और चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया था।




































