BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रतनपुर थाना क्षेत्र के एक खेत में पति-पत्नी की लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पत्नी का शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला, वहीं पति पास के ही पेड़ पर फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतकों की पहचान अमित इंदूझा (29) और उनकी पत्नी अंजू इंदूझा (25) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की देर रात दंपती अपने छोटे बच्चों को सुलाकर घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि वे दुर्गा दर्शन के लिए जा रहे हैं। देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखे तो दहशत फैल गई।
गांव में मातम, बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार सुबह खेत की मेड़ पर अंजू का शव पड़ा था और थोड़ी ही दूरी पर पेड़ से अमित का शव लटका मिला। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतक दंपती के छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां-बाप का साया उठ गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस ने आशंका जताई है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। वहीं, पत्नी के शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस यह भी मान रही है कि उसने संभवतः जहर खाया होगा। हालांकि, सटीक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना पर रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
ग्रामीणों में चर्चा और दहशत
गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ हैं। कोई इसे पारिवारिक विवाद से जोड़ रहा है, तो कोई आर्थिक तंगी और तनाव की बात कह रहा है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।