RAIPUR NEWS. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की हड़ताल खत्म हो गई है। छत्तीसगढ़ में पिछले 33 दिनों से हड़ताल पर बैठे एनएचएम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने 19 सितंबर की देर रात हड़ताल समाप्ति का ऐलान कर दिया। दरअसल, आंदोलन तेज होता देख मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की और एनएचएम कर्मियों की 10 में से 2 मांगों को पूरी तरह मान लेने की घोषणा की गई। 5 मांगों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू करने के बारे बताया गया। तीन मांगें चूंकि केंद्र के माध्यम से पूरी होंगी, इस वजह उनके बारे में हड़ताली कर्मियों को बता दिया गया। उसके बाद हड़ताल समाप्ति का निर्णय लिया गया।
इस दौरान सीएम साय से मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगें पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री साय का आभार जताते हुए प्रदेशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के निर्णय से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 20 सितंबर से प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौटेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय और राज्यहित में उठाया गया कदम बताया है।
एनएचएम कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शनिवार से ही प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं पटरी पर आ जाएंगी। एनएचएम के 16 हजार से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से शहर और आउटर के कई हेल्थ सेंटरों व लैब में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार ने सदैव इस दिशा में ठोस पहल की है।
बता दें कि एनएचएम कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे। राज्य सरकार ने इनमें से चार मांगों को पूरा कर दिया है। तीन अन्य मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही प्रारंभ की गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाना है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर हड़ताल समाप्त होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य का प्रत्येक कर्मचारी परिवार का सदस्य है और एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर राज्यहित में सराहनीय निर्णय लिया है।
ये भी पढ़ें: नई सुविधा…अब एक लॉग इन से EPFO की सभी सेवाएं. ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकेंगे
इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ से डॉ अमित मिरी, डॉ रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।