JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़ से नक्सल खात्मे की मुहिम पर जुटी फोर्स को अच्छी खबर मिली है, क्योंकि नक्सली हथियार छोड़ने के लिए राजी हो रहे हैं। लेकिन, इसे लेकर माओवादी संगठनों में मतभेद भी नजर आने लगी है। दरअसल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की तेलंगाना राज्य समिति ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साफ किया है कि केंद्रीय समिति के आधिकारिक प्रवक्ता कॉमरेड सोनू उर्फ अभय द्वारा की गई अस्थायी युद्धविराम की घोषणा पार्टी का फैसला नहीं है, बल्कि यह उनकी निजी राय है।
जारी विज्ञप्ति में माओवादी संगठन ने स्पष्ट किया गया है कि पार्टी ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है और संगठन अब भी सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन और अभियान को जारी रखेगा। माओवादियों और सरकार के बीच किसी भी स्तर पर युद्धविराम या समझौते की कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हो रही है। उल्लेखनीय है कि नक्सलियों के केंद्रीय प्रवक्ता अभय उर्फ सोनू के द्वारा शांति वार्ता का पत्र एवं ऑडियो संदेश सरकार के नाम जारी किया गया था जिसमें प्रवक्ता के द्वारा सरकार से एक माह का सीज फायर करने की मांग की गई थी, तदोपरान्त माओवाद संगठन द्वारा जारी हिंसा रोकने का जिक्र किया गया था।
ये भी पढ़ें: NHM हड़ताल खत्म…इन मांगों पर ही सहमति बनी, छत्तीसगढ़ में 33 दिन बाद 16 हजार कर्मचारी आज से काम पर लौटेंगे
नक्सलियों ने प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि केंद्र की भाजपा सरकार जनवरी 2024 से ही कमान के नाम पर बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चला रही है। संगठन का दावा है कि इस अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मारे गए हैं। माओवादियों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार का मकसद आंदोलन को पूरी तरह खत्म करना है। तेलंगाना राज्य समिति ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी प्रकार का आधिकारिक युद्धविराम नहीं मानती। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन जनविरोधी और फासीवादी भाजपा नीतियों के खिलाफ है और इसे तेज़ किया जाएगा।
राज्य समिति ने यह स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों में पार्टी को गहरी क्षति पहुंची है। केवल मई 2025 में संगठन ने अपने महासचिव समेत 28 साथियों को खो दिया। इसके अलावा, कई वरिष्ठ और जिला स्तर के नेता हाल की मुठभेड़ों में मारे गए। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी माना गया कि कुछ राज्य समिति सदस्य और निचले स्तर की इकाईयों के कार्यकर्ता स्वास्थ्य व निजी समस्याओं के चलते आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: नई सुविधा…अब एक लॉग इन से EPFO की सभी सेवाएं. ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकेंगे