BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर विधायक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव देवेंद्र यादव का राजनीतिक प्रभाव अब बिहार तक फैलता नजर आ रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में कांग्रेस को बड़ी मजबूती तब मिली जब नालंदा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली।

बिहारशरीफ स्थित राजेंद्र आश्रम में आयोजित भव्य मिलन समारोह में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन जनसैलाब में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता खुद देवेंद्र यादव ने की। छोटे मुखिया ने कांग्रेस की सदस्यता लेकर अपने समर्थकों को भी पार्टी में शामिल कराया। राजगीर से लेकर बिहारशरीफ तक रास्ते भर उनका पारंपरिक और जोरदार स्वागत हुआ।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा, 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए तैयार है। कांग्रेस महागठबंधन के साथ मिलकर नालंदा की सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। छोटे मुखिया जैसे समर्पित नेता का पार्टी में आना कांग्रेस के लिए सौभाग्य है।

इस मौके पर छोटे मुखिया ने कहा देवेंद्र यादव जी खुद मुझे सदस्यता दिलाने आए, यह मेरे लिए गर्व की बात है। आज से हम पूरी निष्ठा से कांग्रेस की मजबूती में जुटेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने छोटे मुखिया के आगमन को नालंदा में कांग्रेस के लिए नई ऊर्जा का संचार बताया। उन्होंने संकेत दिया कि यदि महागठबंधन नालंदा सीट कांग्रेस को देता है, तो छोटे मुखिया ही उम्मीदवार हो सकते हैं। पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता ही असली ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘माई बहन सम्मान योजना’ जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें।

कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा, देवेंद्र यादव के सशक्त नेतृत्व में कांग्रेस नालंदा में महागठबंधन का परचम लहराएगी। यह कार्यक्रम न सिर्फ कांग्रेस के लिए उत्साहजनक रहा, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में नालंदा कांग्रेस की रणनीति का प्रमुख केंद्र होगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सोशल मीडिया अध्यक्ष उदय शंकर कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रागिनी सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष फवाद अंसारी, पूर्व अध्यक्ष केएन शाहिद, सर्वेद्र कुमार, अश्विनी गौरव, नव प्रभात, प्रशांत जीत राज समेत सभी प्रखंड अध्यक्ष शामिल रहे।