RAIPUR NEWS. नक्सल मोर्चे पर छत्तीसगढ़ के विपक्षी नेताओं के सरकार के साथ खड़े होने पर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस के सीनियर नेता धनेंद्र साहू ने नक्सल मोर्चे पर सरकार की तारीफ करते हुए कहा था कि कर्रेगुटा अभियान जारी रहना चाहिए। उनके इस बयान के लिए आभार जताते हुए, गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज उन्हें फोन किया, और दलगत राजनीति से उपर ऊठकर सरकार का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।
आज गृहमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया के सामने भी बयान दिया कि नक्सल मोर्चे पर ना सिर्फ धनेंद्र साहू, बल्कि भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव जैसे नेता भी सरकार के साथ खड़े हैं। लेकिन राजनीति में कहीं नैरेटिव कुछ और ना बन जाए, इसलिए सार्वजनिक रूप से यह बोलने से बचते हैं।
इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विजय शर्मा पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि ना तो उनसे पंचायत विभाग संभल रहा है, ना ही गृह विभाग संभल रहा। बस्तर में नक्सल अभियान चल रहा है। इसे चलना भी चाहिए, लेकिन बस्तर के पुलिस जवान थक चुके हैं। बीमारी और पारिवार से दूरी के चलते मुश्किल में हैं। मैदानी इलाके जमें पुलिसवालों को बस्तर क्यों नहीं भेजा जाता।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को फोन करने और वीडियो जारी करने के मुद्दे पर गृहमंत्री विजय शर्मा को चुनौती देते हुए कहा कि वो मुझे फोन क्यों नहीं करते? मुझे फोन करके दिखाएं, फिर मैं बताउंगा कि हकीकत क्या है।
ये भी पढ़ें:पावरलिफ्टिंग के भारतीय टीम में नजर आएंगे प्रेरणा व कृष्णा साहू
बता दें कि बीजापुर जिले में नक्सल अभियान में जवानों ने छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के कर्रेगुटा की पहाड़ी पर कब्जा कर लिया है। यह पहाड़ी कई दशकों से नक्सलियो का ठिकाना रही है। लेकिन अब इस पर बड़े शान से तिरंगा लहरा दिया गया है। बीते मंगलवार को ही चापर से 500 जवानों को भी यहां पर उतारा गया था। जवानों ने 12 किमी की चढ़ाई कर पहाड़ी को अपने कब्जे में लिया था। माना जा रहा है कि यहां कई बड़े नक्सली नेता छिपे हुए हैं लेकिन अब इन्हे पकड़पाने में सफलता हाथ नहीं लगी है।