BHILAI NEWS. श्री राम नवमीं का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। चैत्र नवरात्रि के नवमीं की तिथि को भगवान श्री राम का जन्म हुआ था। इसी वजह से इस दिनों रामनवमीं या रामजन्मोत्सव के तौर पर मनाते हैं। भिलाई के सेक्टर-9 में सिया राम भक्त मंडल की ओर से यह कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके साथ ही भगवान श्री राम का जन्मोत्सव विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए भोग महाप्रसाद व महाआरती के साथ किया जाएगा। कई तरह से व्यंजनों का भोग अर्पित कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
बता दें, श्री राम जन्मोत्सव रामनवमीं का पर्व खास माना जाता है। इस दिन पूजा-अर्चना के साथ ही श्रीराम लला का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस दिन विशेष पूजन करने का महत्व होता है। घरों में दीपोत्सव के दीप जलाए जाते हैं और श्रीराम स्त्रोत पाठ व राम स्तुति की जाती है। वैसे तो श्रद्धालु अपने मुताबिक पूजन करते हैं। लेकिन इस दिन सही विधि से पूजा करने से पुण्यकारी माना जाता है।
रामलला की पूजा का समय
रामनवमी के दिन पूजा के लिए कुल ढाई घंटे का विशेष समय रहेगा।
सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजकर 35 मिनट तक भगवान श्रीराम की पूजा करना शुभ माना गया है।
पूजा की विधि
भगवान श्रीराम माता सीता लक्ष्मण और हनुमान जी की मूर्तियों को एक साफ चौकी पर रखें।
इन सभी प्रतिमाओं को जल और पंचामृत से स्नान कराएं।
इसके बाद चंदन रोली फूल और अक्षत चढ़ाएं।
धूप दीप प्रज्वलित करें और मौसमी फल तथा नैवेद्य अर्पित करें।
आरती करें और मंत्रों का जाप करें।
श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ इस दिन विशेष फलदायक माना जाता है।
पूजा में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री
फूलों में केतकी चंपा मालती कमल गेंदा गुलाब और कुंद
पत्तों में तुलसी बिल्वपत्र शमी कुशा और भृंगराज
ये भी पढ़ेंःवक्फ बोर्ड संशोधन बिल के खिलाफ मस्जिद में भड़काउ तकरीर, इमाम के खिलाफ नोटिस जारी
मंत्र जाप कैसे करें
मंत्र जाप करते समय उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठें।
पीले या सफेद आसन पर बैठें और तुलसी की माला से जप करें।
रामनवमी के मंत्र
ॐ रां रामाय नमः
आपदामपहर्तारं दातारं सर्वसंपदाम
लोकाभिरामं श्रीरामं भूयो भूयो नमाम्यहम
रामाय रामभद्राय रामचंद्राय वेदसे
रघुनाथाय नाथाय सीताया पतये नमः
ॐ दशरथये विद्महे सीतावल्लभाय धीमहि
तन्नो राम प्रचोदयात
राम रामेति रामेति रमे रामे मनोरमे
सहस्रनाम तत्तुल्यं रामनाम वरानने
कौन से वस्त्र पहनें
रामनवमी पर सफेद या पीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ होता है
यह रंग श्रीराम को प्रिय माने जाते हैं।
घर में दीपक जलाएं
स्नान के बाद घर की सफाई करें।
गंगाजल का छिड़काव करें।
चंदन का तिलक लगाएं।
फिर घर में घी के दीपक जलाएं।
मंत्र जाप करते समय भी दीपक जलाना शुभ माना गया है।