BILASPUR NEWS. भीषण गर्मी प्रदेश में शुरू हो गई है। कुछ समय में ही पारा 40 के पास पहुंच गया है। ऐसे में बिलासपुर नगर निगम ने पानी की खपत को कम करने व लोगों को पीने के लिए पानी मिल सके इसलिए कार वॉश पर बैन लगा दिया है। इससे कॉर वॉश शॉप संचालकों में आक्रोश है। विरोध जताते हुए अपनी रोजी रोटी पर खतरा बता रहे हैं। वहीं इससे बेरोजगारी बढ़ने की बात कह रहे हैं।

बता दें, नगर निगम ने कार वॉश पर बैन लगा दिया है। निगम ने ऐसा फरमान पानी की कमी न हो इसलिए जारी किया है। इतना ही नहीं निगम प्रशासन का कहना है कि कार वॉश के चक्कर के कई बाल्टी पानी बर्बाद हो जाती है और वॉटल लेवल तेजी से कम होता है।

लेकिन दूसरी ओर कार वॉश संचालकों का कहना है कि कार वॉश में पानी ज्यादा नहीं लगता है। नगर निगम के इस फरमान से उन्हें अपनी रोजी-रोटी पर खतरा महसूस हो रहा है। इसके अलावा उनके दुकान में काम करने वाले मजदूरों का भी रोजगार बंद हो जाने की बात कह रहे हैं। शहर के 8 जोन के सभी कार सर्विसिंग सेंटर को नोटिस जारी किया गया है।


पानी की बर्बादी को रोकने लगाया बैन
बताया जा रहा है कि निगम प्रशासन शहर के सभी वार्डों में सही से पानी उपलब्ध हो यह ध्यान रख रहा है। इसी वजह से पानी की बर्बादी को रोकने का प्रयास जारी है। इसी कड़ी में सबसे पहले कार वॉश को रोकने के लिए फरमान जारी किया है।

ये भी पढ़ेंःदो दिन छत्तीसगढ़ में रहेंगे शाह…रायपुर पहुंचते ही फीडबैक लिया, आज मां दंतेश्वरी के दर्शन कर बस्तर-पंडुम में शामिल होंगे गृहमंत्री

काम हो जाएगा बंद, मजदूर हो जाएंगे बेरोजगार
इस आदेश के बाद से कार वॉश संचालकों को अपनी कमाई बंद होने की चिंता सता रही है। दरअसल कार वॉश शॉप में सिर्फ संचालक ही नहीं बल्कि वहां पर मजदूर व मैकेनिक भी काम करते हैं। कार जब सर्विसिंग के लिए आती है तो सर्विसिंग में कार वॉश भी किया जाता है। ऐसे में यदि कार वॉश नहीं होगी तो संचालकों को परेशानी होगी। कमाई भी बंद हो जाएगी। इसलिए संचालकों में इस फैसले से आक्रोश है।




































