BIJAPUR NEWS. मार्च 2026 में नक्सलवाल के खात्मे की इस डेडलाइन पर केंद्र व राज्य सरकार तेजी से काम कर रही हैं। अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में फोर्स सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी क्रम में सर्चिंग पर निकली फोर्स आईईडी की चपेट में आ गई। बासागुड़ा में हुए IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान मृदुल बर्मन और इशाक खान के रूप में हुई है। दोनों CRPF के कोबरा बटालियन के जवान हैं।
जानकारी के अनुसार CRPF 229 बटालियन और कोबरा की ज्वाइंट टीम एरिया डोमिनेशन पर निकली थी। इसी दौरान IED ब्लास्ट की चपेट में आने से दोनों जवान घायल हो गए। अल सुबह दोनो घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है। देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में इलाज जारी है। दोनो की सर्जरी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुतकेल कैंप से जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इलाके में नक्सलियों ने पहले से ही IED प्लांट कर रखी थी। इसी दौरान जवानों का पैर प्रेशर IED पर आ गया। जिससे जोर का धमाका हुआ। दोनों जवानों के पैरों पर चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद दोनों को साथियों ने मौके से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि, ब्लास्ट की चपेट में आए इन दोनों जवानों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
बता दें कि इस बीच बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के कमकानार के ग्रामीण मुकेश हेमला की हत्या के आरोपी नक्सली मंगल उइका को पुलिस ने कमकानार बाजार से गिरफ्तार किया है। बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पिछले साल 22 दिसंबर को रेड्डी मुर्गा बाजार से वापसी के दौरान मुकेश हेमला को गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों ने मुखबिरी के संदेह में अपहरण कर हत्या कर दी थी।