BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र के चुनचुना पुनदाग और सरहदी क्षेत्रों में सक्रिय कुख्यात नक्सली कमांडर छोटू खैरवार की उसके ही नक्सली साथियों ने हत्या कर दी है। झारखंड के भीमपाव जंगल में नक्सलियों की बैठक हुई थी और वहीं पर आपसी समझौता नहीं बनने पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
नक्सली छोटू खैरवार के खिलाफ सामरी पाठ थाना में भी आगजनी और लूटपाट समेत कई मामले दर्ज थे और झारखंड पुलिस ने इसके खिलाफ 15 लाख का इनाम घोषित किया था।झारखंड में नक्सली के खिलाफ कई मामले दर्ज थे और पुलिस इसे खोज रही थी। झारखंड और छत्तीसगढ़ के सरहद पर स्थित बूढ़ा पहाड़ में इनका मुख्य केंद्र था और लगातार यह सक्रिय थे। इस बात की जानकारी वीडी त्रिपाठी, एडिशनल एसपी बलरामपुर ने दी।
एक दिन पहले ही हुई थी पुलिस-उग्रवादी मुठभेड़
बता दें कि इसके एक दिन पहले झारखंड के लातेहार में पुलिस-उग्रवादी मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो जेजेएमपी उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया था। घटना झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र में नवादा मुख्य सड़क के समीप लात जंगल की बतायी जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस और जेजेएमपी के उग्रवादियों के बीच काफी देर तक गोलीबारी हुई। पुलिस ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ेंःनशेड़ी आशिक ने नाबालिग को चाकू से गोदा, किशोरी के शरीर पर 6 से 8 बार किया वार
मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने हथियार समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस को इनपुट मिले थे कि कई उग्रवादी लात जंगल में जुटे हैं, सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन ड्रैगन 24-25 का गठन किया गया। जवानों को देखते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की टीम ने भी मोर्चा संभाला। इसके बाद दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
पुलिस ने मुठभेड़ में शामिल जेजेएमपी के हेरहंज स्थित बंदुआ गांव निवासी अजय कुमार उर्फ अजय गंझू और भदई बथान निवासी उपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सर्च ऑपरेशन में काफी हथियार मिले हैं। हालांकि जवानों को भारी पड़ता देख उग्रवादी ग्रामीणों की आड़ लेते हुए भागने में सफल रहे।