AMBIKAPUR. पीएम मोदी ने आज अंबिकापुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आपके जीवन के पहले और जीवन के बाद तक आपकी संपत्ति लूटने की फिराक में हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इनहेरीटैंस टैक्स की बात कही है। पीएम ने पूछा कि क्या आप अपनी संपत्ति इस प्रकार से कांग्रेस को लूटने देंगे। पीएम ने कहा कि कांग्रेस आपसे आपकी प्रापर्टी लूटकर एक विशेष लोगों को बांटना चाहती है।
इसके पहले पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस मारे गए नक्सलियों को शहीद कहती है। कांग्रेस के मेनीफेस्टो पर मुस्लिम लीग की छाप है। कांग्रेस सत्ता के लालच में नक्सल, आतंकवाद फैलाती है। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान में तय किया था भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। यह सिर्फ SC, ST के लिए होगा, लेकिन धर्म के नाम पर नहीं होगा।
लेकिन कांग्रेस ने अंबेडकर की नहीं सुनी, संविधान की नहीं सुनी। कांग्रेस ने आंध्रप्रदेश में धर्म के आधार पर सालों पहले आरक्षण का प्रयास किया। फिर इसे देशभर में लागू करने की योजना बनाई। कांग्रेस ने धर्म के आधार पर 15 प्रतिशत आरक्षण की बात कही। SC, ST और OBC के कोटे में से चुराकर धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती थी। कांग्रेस के 2009 और 2014 के घोषणापत्र में यह कहा गयाा था।
पीएम ने कहा कि कई साल पहले कांग्रेस ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण लागू भी हो गया था। भाजपा सरकार आई तो हमने इस संविधान के विरुद्ध एक्शन को रद्द कर दिया। कर्नाटक सरकार ने एक और पाप किया। सभी मुस्लिम जातियों को OBC बना दिया। यानि जो लाभ OBC को मिलता था वह मुस्लिमों को चला गया। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की। भारत के सेकुलरिज्म की हत्या की। कर्नाटक का यही मॉडल कांग्रेस देश में लागू करना चाहती है। कांग्रेस संविधान बदलकर SC, ST, OBC का हक अपने वोट बैंक को देना चाहती है।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस किसी राज्य में भी ऐसा कुछ न कर पाए ऐसी ताकत मुझे दीजिए। कांग्रेस की नजर सिर्फ आरक्षण पर ही नहीं बल्कि आपकी कमाई पर भी है। कांग्रेस के शहजादे कहते हैं देश के हर घर, आलमारी, परिवार की संपत्ति का एक्सरे करेंगे। हमारी माताओं, बहनो के पास जो गहने, जेवर होते हैं कांग्रेस उनकी जांच कराएगी। सरगुजा में तो हमारी आदिवासी बहने चंद्रमा, मंगलसूत्र, हंसुली पहनती हैं, कांग्रेस यह सब छीनकर बराबर बांट देंगे। बराबर बांटने का मतलब आप जानते हैं न, वे किसे देंगे लूटकर आपसे। कांग्रेस कहती है सत्ता में आने के बाद ऐसी क्रांतिकारी कदम उठाएंगे।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के खतरनाक इरादे हैं। शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार, उनके पिताजी के भी सलाहकार ने कहा था। देश के मिडिल क्लास पर ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब कांग्रेस कह रही है वह इनहेरिटेंस टैक्स लगाएगी। माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी कर लगाएगी। आपकी जो मेहनत से जुटाई संपत्ति आपके बच्चों को नहीं मिलेगी बल्कि कांग्रेस का पंजा उसे छीन लेगी।
कांग्रेस का मंत्र है कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी जिंदगी के बाद भी। वहीं सैम पित्रोदा के बयान पर PM मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस विरासत पर भी टैक्स लगाएगी, वे आपकी संपत्ति लूटना चाहते हैं।मोदी ने कहा कि हमारा देश संस्कार और संस्कृति से उपभोक्तावादी नहीं है। हम संचय, संवर्धन और सुरक्षा में विश्वास करते हैं। हम अपने परिवार के बुजुर्गों के पास जो सोना होता है वह अपने नाती-पोतो को देते हैं। तीन-तीन पीढ़ी तक गहने चलते हैं। भारत कर्ज लेकर नहीं जीता, श्रम से जीता है, कांग्रेस इस पर कड़ा प्रहार करने जा रही है।
कांग्रेस की पुरानी सोच है, फैक्ट चेक वाले मोदी की बाल की खाल निकालते हैं, जरा कांग्रेस का फैक्ट चेक करो। कल कांग्रेसियों में तूफान मच गया, क्योंकि मैं कहता हूं शहरी नक्सलियों ने कब्जा कर लिया। जो 10 साल में हुआ है वह सिर्फ ट्रेलर है। सरगुजा स्वर्ग-अजा यानि स्वर्ग की बेटी है। पीएम ने कहा कि आप कमल पर बटन दबाकर चिंतामणि महराज को विजयी बनाकर मेरे हाथ मजबूत कीजिए।