BILASPUR. 75वां गणतंत्र दिवस समारोह संभागीय मुख्यालय के पुलिस ग्राउण्ड में धूमधाम से बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार कार्यक्रम में ध्वजारोहण का कार्य उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने किया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन करते हुए जनता को शुभकामनाएं दी। इस दौरान परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आइपीएस अजय कुमार ने राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी। दर्शकों व वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। मैदान में चारों ओर भारत माता की जय व वंदे मातरम् की गूंज सुनाई देती रही।
बता दें, संभागीय मुख्यालय बिलासपुर में मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने ध्वजारोहण का कार्य किया। इस दौरान उन्होंने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास व उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े। इस दौरान कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति स्कूली बच्चों ने दी।
वहीं पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया गया। साथ ही नक्सल हिंसा में शहीद हुए 26 जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में 90 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, नगर निगम सभापति शेख नजीरूद्दीन, कमीश्नर शिखा राजपूत, आईजी अजय यादव, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी संतोष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे खास
परेड कमाण्डर के नेतृत्व में परेड हुआ। जिसमें 12 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। पुलिस एवं नगर सेना द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। वहीं शहर के स्कूलों के बच्चों द्वारा गणतंत्र दिवस पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
झांकियां रही आकर्षण का केन्द्र
जिले के विभिन्न 19 विभागों द्वारा शासन की फ्लैगशीप योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। झांकियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा से मुक्ति के लिए निजात पर सुंदर झांकी सहित आकर्षक झांकियों में समाज को संदेश भी दिया गया। झांकियों को खूब सराहना की गई।