BHILAI. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट अहमदाबाद की कांकरिया झील जैसा नजारा जल्द ही भिलाई की वैशाली नगर विधानसभा में भी दिख सकता है। अहमदाबाद की कांकरिया झील का सौंदर्यीकरण लोगों के आकर्षण का केन्द्र है। वैशाली नगर के तालाबों को उसी तर्ज पर संवारने के लिए विधायक रिकेश सेन अफसरों की टीम लेकर अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। विधायक के अनुसार प्रोजेक्ट को समझने के बाद विधानसभा क्षेत्र के तालाबों पर काम शुरू किया जाएगा।
बता दें कि वैशाली नगर विधानसभा में 32 तालाब हैं। इनमें से भेलवा तालाब, संजय नगर तालाब तो काफी बड़े और प्राइम लोकेशन पर हैं। हाल-फिलहाल इन तालाबों की स्थिति ठीक नहीं है। यदि इन्हें विकसित किया जाए तो शहर के लोगों के लिए एक अच्छा पर्यटन स्थल बनाया जा सकता है। चूंकि अहमदाबाद की कांकरिया झील अपने सौंदर्यीकरण के चलते लोगों को लुभाती है, ऐसे में उसी की तरह तालाबों के कायाकल्प की योजना है।
कांकरिया झील प्रोजेक्ट को समझने के लिए रिकेश सेन अपने साथ नगर निगम और राज्य शासन के अफसरों के अलावा आर्किटेक्ट की एक टीम भी लेकर गए हैं। वहां सभी प्रोजेक्ट की बारीकियों, तकनीक, लागत आदि को समझेंगे। विधायक रिकेश के अनुसार प्रोजेक्ट को समझने के बाद उसे वैशाली नगर के तालाबों पर लागू किया जाएगा। रिकेश के अनुसार कांकरिया झील प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। अहमदाबाद रवाना होने से पहले विधायक रिकेश सेन ने बाकायदा अपना एक वीडियो जारी कर इस योजना के बारे में बताया। इसके अलावा जनता से दो दिन की छुट्टी भी मांगी।
झील की खासियत
कांकरिया झील को अहमदाबाद का नगीना माना जाता है। इसकी बनावट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लोगो की तरह दिखाई देती है। एक समय सोशल मीडिया पर बहस भी छिड़ी थी कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का लोगो इसी झील से प्रेरित है। हालांकि यह सत्य नहीं है। झील में वाटर स्पोर्ट्स की शानदार व्यवस्था है। झील में वोट, वाटर बैलून आदि पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हॉट एयर बैलून का रोमांच भी यहाँ अनुभव किया जा सकता है। इसके अलावा तरह-तरह के झूले, टॉय ट्रेन की सुविधा भी यहां उपलब्ध है।

अहमदाबाद की कांकरिया झील में वाटर बैलून का मजा लेते सैलानी। -Photo PTI