NEW DELHI. मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रगति पर है। इस साल का मानसून अब तक भारत के 80 फीसदी हिस्से तक पहुंच चुका है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून तेजी से पहुंचा। रविवार को एक ही दिन दिल्ली और मुंबई में मॉनसून पहुंचा है। उधर, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। लिहाजा, हाईवे पर 15 किमी से लंबा जाम लग गया है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन और हमीरपुर जिलों में रविवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। वहीं, शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भारी बारिश के कारण हुईं घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा बाढ़ और भारी बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। मकान और वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इसके अलावा बाढ़ के पानी में कई मवेशी बह गए। उधर, हिमाचल प्रदेश में मंडी और कुल्लू को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। दरअसल, रविवार शाम को अचानक आई बाढ़ की वजह से नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर जमे पत्थरों को हटाने का काम चल रहा है।
हालांकि, इसमें भी काफी समय लगने वाले है। तब तक यात्रयों को जाम में ही फंसे रहेंगे। इस बीच वहां फंसे लोगों की हालत बेहद खराब हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि मंडी और सुंदरनगर के बीच कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुआ है। इसकी वजह से लोग जाम में फंस गए हैं।
लोग ढाबे के किनारे बैठे हुए हैं क्योंकि उन्हें होटलों में कमरे नहीं मिल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस रास्ते पर करीब 500 कारें फंसी हुई हैं उन्होंने पूरी रात सड़क पर ही बिताई है। परेशानी ये है कि स्थानीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। ऐसे में फिलहाल इन यात्रियों के लिए मुसीबत कम होती नहीं दिख रही है।