JASHPUR. प्रदेश के जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां महज 12 वर्ष के एक छोटे बच्चे को खेलने के दौरान कोबरा सांप ने डस लिया, इससे बच्चे को इतना ज्यादा गुस्सा आया कि उसने वहीं अपने दांत से काटकर उस सांप के टुकड़े कर दिए। हैरान करने वाली बात यह है कि इसके बाद भी बच्चा बिलकुल सुरक्षित है।

मामला जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरापाठ इलाके का है। यहां 12 वर्ष का पहाड़ी कोरवा बच्चा दीपक राम घर से थोड़ी दुरी पर खेल रहा था। उसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया, इससे दीपक को गुस्सा आया और उसने काटने वाले कोबरा को पकड़कर अपने दांतों से उसके टुकड़े कर दिए, और उस सांप को मौत के घाट उतार दिया।

जैसे ही परिजनों ने बच्चे के मुंह पर खून लगा और बगल में सांप को मृत पड़ा देखा, तो सारा मामला समझ गए और दीपक ने भी साड़ी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, उपचार के बाद बच्चा अभी बिलकुल स्वस्थ है।

क्षेत्र में फैला हुआ है अंधविश्वास
जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में यह अंधविश्वास फैला हुआ है कि यदि कोई सांप आपको डस ले और अगर आप इसके बाद उस सांप को काट लें, तो सांप के विष का प्रभाव निष्क्रिय हो जाता है। हालांकि दीपक ने सांप को अंधविश्वास के वजह से नहीं बल्कि गुस्से की वजह से काटा था।

जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रंजीत टोप्पो ने बताया कि बच्चे को एंटी स्नेक वेनम दिया गया है, इसके बाद बच्चा बिलकुल स्वस्थ है। सर्पदंश के मामले से निपटने के लिए जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराया गया है। साथ ही लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।





































