बालोद। पत्नी और उसके प्रेमी पर पति ने चाकू से हमला कर दिया है। चाकू इतनी बार मारा गया है कि मौके पर प्रेमी की मौत हो गई है। आज हुई घटना में पत्नी जीवन और मौत के बीच जूझ रही है। उसे अस्पताल दाखिल किया गया है।
जानकारी अनुसार कई बार समझाने के बाद भी अपने प्रेमी संग पत्नी के रहने से पति के सिर पर खून सवाल था। पत्नी पर गुस्सा इतना भयानक था कि पति ने पत्नी के साथ उसके प्रेमी पर चाकू से लगातार जानलेवा हमला कर दिया, जिससे प्रेमी की मौके पर मौत हो गई। वहीं पत्नी को नाजुक हालत में अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया है।
एएसपी के अनुसार मामला बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के सकरौद गांव का है। पति को छोड़ पत्नी अपने प्रेमी संग अपने जीजा के मकान में रह रही थी। जहां राजनांदगांव में रहने वाले पति लक्ष्मण गेन्ड्रे आज सुबह गांव पहुंचा और पत्नी तारिणी गेंड्रे और मुरली सिन्हा को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना स्थल पर खून से लथपथ प्रेमी व प्रेमिका।
चाकू के दर्जनों वार से जहां प्रेमी की मौके पर मौत हो गई, वहीं पत्नी तारिणी को नाजुक हालत में अस्पताल दाखिल किया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया।
घटना की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। लोगों की भीड़ घटना स्थल पर लग गई। इधर सूचना पर रनचिराई पुलिस सकरौद गांव पहुंच कर भीड़ नियंत्रित की और मामले की जांच में जुट गई। बताया गया कि आरोपी की पत्नी कुछ समय पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी, जिसके बाद थाने आकर जानकारी दी थी। उसके बाद दोनों साथ रह रहे थे। मृत मुरली सिन्हा बालोद स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ था।
चाकू से वार की घटना पर एडिशनल एसपी प्रज्ञा मेश्राम ने बताया कि ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली थी कि चाकूबाजी की घटना हुई है। सूचना पर मौके पर पुलिस टीम को रवाना किया गया। घटना में एक युवक की मौत हुई है, वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को हॉस्पिटल भेजा गया है। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
(TNS)