धमतरी। शहर के नगर निगम दफ्तर के पास शुक्रवार को उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक साथ हजारों की संख्या में मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ ही मधुमक्खियों ने नगर निगम के दफ्तर में घुस कर वहां के कर्मचारियों को डंक मारा। इससे कुछ लोगों को चोटें भी आईं। वहीं एक महिला बुरी तरह घायल हो गई उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दरअसल यह पूरा काण्ड शरारती लोगों के कारण हुआ। नगर निगम कार्यालय के पास बने पानी टंकी के में मधुमक्खियों ने 20 से अधिक छत्ते बना रखें हैं। शुक्रवार दोपहर को किन्ही शरारती तत्वों ने एक छत्ते पर पत्थर मार दिया। इसके बाद मधुक्खियों का गुस्सा देखने लायक था। मधुमक्खियां सड़क पर पहुंच गई और आने जाने वालों को डंक मारना शुरू कर दिया। मधुमक्खियां आसपा के 200 मीटर के दायरे में फैल गई थी।
महिला को घेर कर मारा डंक
इस दौरान वहां से गुजर रही एक महिला को मधुमक्खियों ने घेर लिया। वृद्ध महिला को मधुमक्खियों ने बुरी तरह के काट लिया। वे घायल हो गई और उन्हें एंबुलेंस बुलवाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की पहचान कुमारी यादव (60) के रूप में हुई। महिला को मधुमक्खियों ने इतनी बुरी तरह से डंक मारा कि वह काफी देर तक सदमें में थी। अस्पताल में पहुंचने के बाद उनका इलाज शुरू किया गया।
दरवाजे व खिड़कियां बंद करते दिखे निगम कर्मी
मघुमक्खियां यहीं नहीं रुकी इनका झुंड नगर निगम दफ्तर में भी घुस गया। नगर निगम के कर्मचारियों को भी डंक मारने लगे। इसके बाद निगम के कर्मी कार्यालयों की खिड़कियां व दरवाजे बंद करते नजर आए। बताया जा रहा है कि इस दौरान मधुमक्खियों ने 50 से अधिक लोगों को काटा। मधुमक्खियों का डर ऐसा दिख रहा था कि लोग अपने आप को बचाने के लिए निगम के दफ्तर व आसपास की दुकानों का सहारा ले रहे थे। मधुमक्खियों का आतंक के कारण इस ओर दिनभर लोग बचते रहे।