भिलाई। निगम क्षेत्र की बदहाल सड़कों के मेंटेनेंस के लिए रविवार को बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। गड्ढों से पटी सड़कों के मेंटेनेंस की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी व रामायण प्रचार समिति के कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि बदहाल सड़कों का जब तक मेंटेनेंस नहीं हो जाता लोग टैक्स भी जमा नहीं करेंगे।
मानव श्रृंखला बनाने के पहले भारतीय जनता पार्टी व रामायण प्रचार समिति के सदस्यों ने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस तथा भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इन्हें साक्षी मानकर सड़क बनने तक संघर्ष करने का संकल्प लिया। इसके बाद डेढ़ किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। मानव श्रृंखला में युवाओं से लेकर महिलाओ व बुजुर्गों ने भी भाग लिया।
पैदल मार्च निकालकर की नारेबाजी
मानव श्रृंखला बनाने के साथ ही लोगों ने पैदल मार्च निकालकर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोपहर 12 बजे महात्मा गांधी चौक (जलेबी चौक) से सुभाष चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल शामिल हुए। नारेबाजी के साथ बैनर पर लोगों ने लिख रखा था, सड़क नहीं तो टैक्स भी नहीं। यह प्रदर्शन दोपहर से शुरू होकर शाम तक चला।
नहीं दिया जाएगा टैक्स
रामायण प्रचार समिति के संयोजक राम उपकार तिवारी ने इस आंदोलन की अगुवाई करते हुए कहा कि जब तक भिलाई निगम प्रशासन सुपेला व कैंप क्षेत्र की सड़कों का संधारण नहीं करता, तब तक विभिन्न तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। वहीं खराब सड़कों से परेशान लोगों ने कहा कि जब तक नगर निगम प्रशासन सड़क संधारण नहीं करा देता, तब तक टैक्स नहीं दिया जाएगा।
पैदल मार्च व मानव श्रृंखला में रामायण प्रचार समिति के संयोजक राम उपकार तिवारी, भाजपा पार्षद विनोद चेलक, लक्ष्मी साहू, सत्या देवी जायसवाल, मंगल सिंह, चंद्रिका तिवारी, शिव सागर मिश्रा, अटल वर्मा, विजय पाण्डेय, विष्णु मिश्रा, प्रेमचंद गिरी, धर्मेंद्र चौहान, कांता बाई जंघेल, लता जंघेल, इंदू कौर, लतेल यादव, रोहित यादव, गोविंदा चौधरी, छोटू खान, शमीम अहमद, किशोर मौर्या, अवतार सिंह, ओंकार सिंह, प्रशांत जायसवाल, संतोष साव, विनोद यादव, संगीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।