भिलाई। शहर में शनिवार को होली के पहले ही दिवाली मनाई गई। खुर्सीपार के श्रीराम चौक पर जब 51 हजार दीयों की रोशनी फैली तो ऐसा लगा मानो दिवाली हो। अवसर था श्रीराम चौक के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण समारोह। भिलाई नगर के विधायक देवेन्द्र यादव श्रीराम चौक का लोकार्पण किया। इस दौरान आसपास का पूरा क्षेत्र राम मय हो गया।

बता दें विधायक देवेन्द्र यादव के प्रयासों से खुर्सीपार के श्रीराम चौक का स्वरूप बदल गया है। शनिवार को विधायक देवेन्द्र यादव ने श्रीराम चौक के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण किया। इस मौके पर चौक पर 51 सौ दीये भी जलाए गए। 11 पंडितों ने भगवान श्रीराम की महाआरती की। 5100 दीयों की रोशनी से दीपावली की रात सा नजारा दिखने लगा। कार्यक्रम के दौरान भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद के सदस्य व स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सेल्फी प्वाइंट से लेकर रंगीन रोशनी
श्रीराम चौक के सौंदर्यीकरण के बाद यहां का नजारा काफी आकर्षक लगने लगा है। ‘मेरा भिलाई-मेरा गौरव’ नाम से यहां सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। सड़क किनारे दीवारों पर प्रभु श्रीराम जी की जीवनी को 34 कलाकृतियां बनाई गईं हैं। रंगीन लाइट की रोशनी में चौक का नजारा कुछ अलग ही दिख रहा है। चौक पर आकर्षक म्यूरल पेंटिंग और सड़कों के किनारे आकर्षक सौंदर्यीकरण मनमोहक लग रहे हैं।
चौक के चारो आकर्षक लैंडस्केपिंग
श्रीराम चौक के दोनों ओर के खाली स्थानों पर सौंदर्यीकरण के तहत लैण्डस्केपिंग कार्य किया गया है। चौक के पास हरियाली के लिए आकर्षक पौधे लगाए गए है, दीवारों पर कलाकृति उकेरी गई है, चौक में श्रीराम की जीवनगाथा एवं म्यूरल पेंटिंग के माध्यम से अयोध्या का चित्रण किया गया है, जिससे अब चौक की सुंदरता बढ़ने से अलग ही स्वरूप में नजर आने लगा है। इसके अलावा श्रीराम चौक स्थित मैदान में कई विकास कार्य किए गए हैं।

































