जसपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में जेल जाने के डर से एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपने ही गांव की गर्भवती महिला से छेडखानी के बाद महिला व गांववालों द्वारा पुलिस शिकायत की बात कही गई। इससे पहले की थाने में शिकायत होती रविवार की सुबह युवक की लाश पेड़ पर टंगी मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
कुनकुरी पुलिस के मुताबिक जिले के हर्रा डांड गांव निवासी संदीप खलको का शव सुबह गांव में जंगल नुमा क्षेत्र के एक पेड़ पर टगा मिला। ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुनकुरी पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने लोक लाज व जेल जाने के डर से आत्महत्या की है।
कुनकुरी पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि संदीप खलको शनिवार को मछली मारने गया था। वापस लौटते समय उसने गांव की एक गर्भवती महिला को छेड़ दिया। महिला ने इसकी जानकारी अपने घर पहुंच कर पति व अन्य लोगों को दी। इसके बाद सभी ने युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही। हालांकि युवक ने बाद में माफी भी मांगी लेकिन गर्भवती महिला एफआईआर कराने पर अड़ी रही।
सुबह पेड़ पर टंगी मिली लाश
कुनकुरी थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि रविवार को गर्भवती महिला छेड़खानी की शिकायत करने वाली थी। परिवार के लोग थाने जाने वाले थे इससे पहले सुबह संदीप खलखो की लाश पेड़ पर लटकी मिली। महिला से छेडखानी करने के बाद संभवत युवक ने लोक लाज व जेल जाने के डर से आत्महत्या की है। घटनास्थल पर किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।