RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कोंडागांव जिले के भोंगापाल गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बांस नौका विहार केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की सदस्यों को कयाकिंग के लिए 5 नावें प्रदान कीं और संयुक्त वन प्रबंधन समिति, भोंगापाल को तमुर्रा नाला में बांस नौका विहार केंद्र के संचालन हेतु आवश्यक सामग्री सौंपी।
बता दें, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला समूह की अध्यक्ष सुनीता नाग एवं अन्य सदस्यों से संवाद भी किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पीपल का पौधरोपण भी किया। उन्होंने सभी से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, बौद्ध धर्मगुरु भदन्त आर्य नागार्जुन सुरई ससई, बुद्ध महोत्सव संयोजक अनिल खोब्रागड़े सहित बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे।
यह कार्यक्रम ग्रामीण पर्यटन, महिला सशक्तिकरण एवं प्रकृति संरक्षण के उद्देश्य को एक साथ साधने वाली एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।