BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की सख्त कार्रवाई जारी है। ताजा मामले में बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर (खाद्य निरीक्षक) श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम विदाडीह, थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम विदाडीह में शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन पंचायत द्वारा किया जा रहा है। उक्त दुकान को शैल स्व सहायता समूह विदाडीह को आवंटित किए जाने के लिए समूह द्वारा लगभग तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया गया था।

आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ाने और दुकान का आवंटन आदेश जारी कराने के एवज में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के उद्देश्य से एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत आरोपी को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी के हाथ केमिकल युक्त पानी से धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का वैज्ञानिक प्रमाण है।

इस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी करने वाले अधिकारी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।




































