BILASPUR NEWS. शहर में गुंडागर्दी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ उसके ही पूर्व परिचित युवक ने होटल के बाहर सरेआम मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर के सरकंडा इलाके में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह अपने एक परिचित युवक के साथ एक होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान सुबह उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही युवती कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में उस पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। होटल में रुकने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।

पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरोपी युवक युवती के साथ बेरहमी से मारपीट करता नजर आ रहा है।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































