ABHANPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में एक पाकिस्तानी युवक को जिंदा दफन कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई है, जो ठेकेदारी का काम करता था और शदाणी दरबार क्षेत्र का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि नितेश का आरोपी श्याम सुंदर सोनी की प्रेमिका सावित्री साहू से संपर्क था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। 16 मार्च की रात नितेश सावित्री से मिलने उसके घर माना पहुंचा था। उसी दौरान आरोपी श्याम सुंदर भी वहां आ गया और दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने दो कर्मचारियों को बुलाकर नितेश की बेरहमी से पिटाई कर दी।

इसके बाद सिर पर लाठी से वार करने के बाद नितेश बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे ऑटो में डालकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई। आरोपी बेहोश हालत में नितेश को ऑटो में लेकर करीब 35-40 किलोमीटर तक घूमते रहे। इस दौरान वे मुजगहन थाना, माना थाना, टिकरापारा थाना और अभनपुर थाना क्षेत्र से गुजरे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

आखिरकार आरोपी उसे भरेंगाभाठा गांव के पास मुरूम खदान में ले गए, जहां पहले मारपीट की और फिर गमछे से गला दबाने की कोशिश की। इसके बाद उसे जिंदा ही जमीन में दफना दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत सांस नली में मिट्टी भर जाने से हुई, यानी उसे जिंदा दफन किया गया था।

इस घटना के 5 दिन बाद 21 मार्च को ग्रामीणों ने खदान के पास जमीन से बाहर निकले शव के हिस्से को देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला।

इस हत्याकांड में प्रेमिका समेत कुल 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है। मृतक पाकिस्तानी मूल का था, उसे भारतीय नागरिकता नहीं मिली थी। रायपुर में रहकर वह ठेकेदारी कर रहा था।




































