BILASPUR NEWS. शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाकर साफ संदेश दे दिया है कि अपराधियों के लिए अब कोई ढील नहीं है। जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान में निगरानी सूची में शामिल बदमाशों को थानों में बुलाकर उनकी गतिविधियों की गहन पड़ताल की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई के तहत 146 गुंडा-बदमाशों की सघन चेकिंग की गई, वहीं 34 निगरानी बदमाशों का विस्तृत सत्यापन किया गया। जांच सिर्फ औपचारिक नहीं रही—पुलिस ने इन व्यक्तियों के वर्तमान कामकाज, संपर्क, आवाजाही और आय के स्रोतों तक की बारीकी से जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे दोबारा अपराध की राह पर तो नहीं बढ़ रहे।

अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने मामलों की भी समीक्षा की। यह देखा गया कि आरोपी समय पर कोर्ट में पेश हो रहे हैं या नहीं, और कहीं उनके खिलाफ कोई वारंट लंबित तो नहीं है। इस क्रम में 3 वारंट तामील किए गए।

वहीं, 15 मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसकी जमानत निरस्त कराने तक की कार्रवाई की जाएगी।

जो बदमाश चेकिंग के दौरान अनुपस्थित मिले, उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस का संदेश साफ
बिलासपुर में अब अपराधियों की खैर नहीं। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जाएंगे।



































