AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर को हवाई नक्शे पर एक और बड़ी सौगात मिली है। अब यहां से सीधे कोलकाता के लिए फ्लाइट सेवा शुरू हो गई है, जिससे सरगुजा संभाग का संपर्क देश के पूर्वी हिस्से से और मजबूत होगा। नई सेवा से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलने की उम्मीद है। एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल के तहत अंबिकापुर-कोलकाता रूट पर नियमित उड़ान शुरू कर दी है।

यह सेवा सप्ताह में दो दिन—गुरुवार और शनिवार—संचालित की जा रही है। गुरुवार को शुरू हुई पहली फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंची और यहां से कोलकाता के लिए रवाना हुई। हालांकि शुरुआत में यात्रियों की संख्या कम नजर आई। पहले दिन अंबिकापुर से कोलकाता के लिए केवल तीन यात्रियों ने यात्रा की। बावजूद इसके, एयरलाइन को आने वाले समय में यात्री संख्या बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि यह रूट क्षेत्र के लिए नया विकल्प लेकर आया है।

शनिवार को यह उड़ान अंबिकापुर से बिलासपुर के रास्ते कोलकाता जाएगी। पहली उड़ान गुरुवार सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से रवाना हुई। इस रूट पर 72 सीटों वाले विमान का संचालन किया जा रहा है, जिससे नियमित यातायात को ध्यान में रखकर सेवा तैयार की गई है। इससे पहले इसी सप्ताह अंबिकापुर से दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू की गई थी।

मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से 30 मार्च को इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया गया था। यह फ्लाइट सप्ताह में सोमवार और बुधवार को संचालित हो रही है और इसका किराया लगभग 6,500 रुपये तय किया गया है। वहीं कोलकाता रूट का बेस फेयर करीब 6,000 रुपये रखा गया है।

नई उड़ानों के साथ अंबिकापुर अब देश के बड़े शहरों से तेजी से जुड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने आगे रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट शुरू करने की मांग भी उठाई है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत हो सकती है। यदि यह योजना साकार होती है, तो सरगुजा क्षेत्र के विकास को और गति मिलना तय माना जा रहा है।




































