AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हुए सनसनीखेज महिला हत्या कांड में पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद से फरार आरोपी को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जांच में यह सामने आया है कि संदिग्ध आरोपी को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन परिसर में घूमते हुए देखा गया था। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी तस्वीर कैद हुई है, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी के मूवमेंट को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है।

इधर, साइबर पुलिस की टीम भी तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर आसपास के जिलों में भी भेज दी है, ताकि उसकी पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

दरअसल, यह पूरा मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार सुबह रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर के गेट के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। प्रथम दृष्टया महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है और मामले में अन्य गंभीर अपराध की भी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है, वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



































