AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की डंडे से पीटकर हत्या कर दी और बाद में अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में ही दफना दिया। हत्या के करीब एक सप्ताह बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके की है। पुलिस के अनुसार, वारदात 24-25 मार्च की दरमियानी रात की है। मृतक की पहचान बृजलाल अगरिया (35) के रूप में हुई है, जो शराब के नशे में अपने दोस्त मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा था। उसने मिथलेश को साथ बैठकर शराब पीने के लिए कहा, लेकिन नवरात्र होने के कारण मिथलेश ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसमें मिथलेश का मोबाइल फोन टूट गया। इससे गुस्साए मिथलेश ने पास रखे डंडे से बृजलाल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी के साथ मिलकर शव छिपाने की बनाई योजना
हत्या के बाद आरोपी मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी (36) के साथ मिलकर शव को छिपाने की योजना बनाई। उन्होंने घर में पहले से खोदे गए एक गड्ढे में शव को डालकर उसे प्लाईबोर्ड से ढक दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी। इसके बाद दोनों कुछ दिनों तक घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे।

इस दौरान मिथलेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसे बार-बार अपने दोस्त का “भूत” दिखाई देने का डर सताने लगा, जो अंतिम संस्कार कराने की बात कह रहा था। इसी डर और बेचैनी के चलते उसने अंततः थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
खुदाई में बरामद हुआ शव, दंपती गिरफ्तार
मंगलवार रात आरोपी मिथलेश गांधीनगर थाने पहुंचा और हत्या की पूरी जानकारी दी। उसकी सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस, न्यायिक मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम आरोपी के घर पहुंची और बताए गए स्थान पर खुदाई कराई।

खुदाई के दौरान गड्ढे से बृजलाल का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
accused surrendered, Ambikapur News, Chhattisgarh News, crime, killing his friend, murder news, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, अपना जुर्म कबूल कर लिया, अंबिकापुर शहर, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय, डंडे से पीटकर हत्या, पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में ही दफना दिया, सनसनीखेज हत्या का मामला




































