BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ के भिलाई में परसदा गांव के खार में मिले महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या कुम्हारी के बजरंग पारा निवासी एक युवक ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गोदने और चूड़ी से शुरू हुई पहचान की कोशिश
जानकारी के अनुसार, परसदा के खार में महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला था। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। पुलिस ने महिला के हाथ में बने गोदने और चूड़ी के आधार पर जांच की दिशा तय की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

100 घंटे CCTV और हजार लोगों से पूछताछ के बाद मिला सुराग
तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर डंप विश्लेषण और करीब एक हजार लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस ने 100 घंटे से अधिक समय तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लंबी जांच के बाद संदेह की सुई कुम्हारी के बजरंग पारा में रहने वाले युवक पर जाकर रुकी। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।

विरोध करने पर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया था। महिला के विरोध करने और मना करने पर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। प्रतिरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की आगे जांच जारी है।



































