JANJGIR NEWS. जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत राहौद में एक सराफा व्यवसायी के घर घुसकर मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी अकलतरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस मामले में एक आरोपी घटना के वक्त ही पकड़ा गया था, जबकि दो अभी भी फरार हैं।

पूरी घटना राहौद निवासी सराफा व्यवसायी सुदीप कुमार के घर की है। मिली जानकारी के अनुसार, चार बदमाश बड़ी लूट के इरादे से व्यवसायी के घर में दाखिल हुए थे। बदमाशों ने सुदीप कुमार और उनकी पत्नी को जमीन पर पटक दिया और उनके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। इस खौफनाक मंजर के दौरान व्यवसायी का मासूम बच्चा भी वहीं मौजूद था, जो हाथ जोड़कर बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की मिन्नतें करता रहा।

शोर मचाने पर भागे बदमाश, एक दबोचा गया
दंपति द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें देखकर बदमाश भागने लगे। भागते समय बदमाश करीब 80 हजार रुपये कीमत के दो एप्पल मोबाइल और एक सैमसंग कीपैड फोन सहित अन्य सामान ले उड़े। हालांकि, शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को मौके पर ही दबोच लिया था।

9 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़े दो और आरोपी
घटना के बाद से पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 9 दिन बाद दबिश देकर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि निर्मलकर (22 वर्ष) और श्यामजी सिन्हा (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अकलतरा के निवासी हैं।

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चारों युवक दुकान के रास्ते घर में घुसे और व्यवसायी दंपति के साथ मारपीट की। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल फरार अन्य दो सदस्यों की तलाश जारी है।





































