BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने दही मांगने के बहाने एक किसान के घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी की। हालांकि, छोटी बहन की सूझबूझ और शोर मचाने के कारण आरोपी शिक्षक अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दही मांगने का बहाना बनाकर घुसा घर में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक की पहचान रोहित पटेल (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ (ग्राम सिर्री) का निवासी है। रोहित पचपेड़ी क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पदस्थ है और प्रतिदिन अपने गाँव से आना-जाना करता था। सोमवार को वह पचपेड़ी थाना क्षेत्र के एक गाँव में रहने वाली 10वीं की छात्रा के घर पहुँचा। उस समय छात्रा के पिता (किसान) घर पर नहीं थे और दोनों बहनें घर में अकेली थीं। शिक्षक ने दही मांगने का बहाना बनाया और घर के भीतर दाखिल हो गया।

कमरे में ले जाकर की गंदी हरकत
छात्राओं को अकेला पाकर शिक्षक की नियत बिगड़ गई। उसने चालाकी दिखाते हुए बड़ी बहन को कमरे के अंदर बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती व छेड़खानी शुरू कर दी। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसका मुँह दबा दिया ताकि उसकी आवाज बाहर न जा सके।

छोटी बहन ने दिखाई हिम्मत, भाग निकला शिक्षक
उसी दौरान पास के कमरे में मौजूद छोटी बहन ने बड़ी बहन के संघर्ष की आवाज सुन ली। उसने बिना डरे तुरंत कमरे के पास पहुँचकर शोर मचाना शुरू कर दिया। छोटी बहन को चिल्लाते देख और ग्रामीणों के जुटने के डर से आरोपी शिक्षक घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद डरी-सहमी छात्राओं ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने पचपेड़ी थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी शिक्षक रोहित पटेल को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




































