BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक को महिला के घर में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला वाड्रफनगर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां बरती कला कन्या माध्यमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक महिला के घर पहुंच गया। उस समय महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान किसी ने महिला के पति को इसकी सूचना दे दी।

बताया जा रहा है कि पति जब घर पहुंचा तो उसने शिक्षक को महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में देखा। इसके बाद उसने बाहर से दरवाजे पर ताला लगा दिया और तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शिक्षक काफी समय से महिला पर नजर रखे हुए था और पहले भी उसके घर के आसपास आता-जाता देखा गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपी शिक्षक ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी या दोनों के बीच पहले से किसी प्रकार का संबंध था।



































