BALOD NEWS. बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र से एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है। डौंडी स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक (पीटीआई) और पूर्व जिला खेल अधिकारी नरेंद्र सिंह ठाकुर पर एक महिला ने छेड़छाड़ और अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी शिक्षक ने उसे अकेला देखकर रोक लिया और उसके साथ आपत्तिजनक बातें करने लगा। आरोप है कि उसने महिला को 500 रुपये का नोट दिखाकर अनैतिक संबंध बनाने का प्रस्ताव भी दिया।

घटना से आहत पीड़िता ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। डौंडी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य, जल्द गिरफ्तारी की तैयारी
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपी शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी फिलहाल डौंडी के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत है और उस पर महिला से छेड़छाड़ व अनुचित प्रस्ताव देने के गंभीर आरोप लगे हैं।



































