CUTTAK NEWS. ओडिशा के कटक स्थित SCB Medical College and Hospital में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीज और अस्पताल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 3 बजे मेडिसिन विभाग की इमारत की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर ICU में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरे वार्ड में धुआं भर गया।

इस दौरान ICU में कई गंभीर मरीज लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों और दमकल विभाग ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दर्जनों मरीजों को ICU से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस दौरान जिन मरीजों की हालत नाजुक थी उन्हें तुरंत अस्पताल के ‘न्यू मेडिसिन ICU’ में शिफ्ट कर इलाज जारी रखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री Mohan Charan Majhi मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के समय ICU वार्ड में कुल 23 मरीज भर्ती थे।

बचाव अभियान शुरू होने से पहले ही 7 मरीजों की मौत हो गई थी, जबकि बाहर निकाले जाने के बाद धुएं और चोटों के कारण 3 अन्य मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में कम से कम पांच मरीज गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इलाज में लगे अस्पताल के दो कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है।

ऐसे लगी आग
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ICU के एयर कंडीशनिंग सिस्टम या किसी मेडिकल उपकरण में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। राज्य सरकार ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि अस्पताल में फायर सेफ्टी मानकों का पालन ठीक से हो रहा था या नहीं।



































