RAIPUR NEWS. राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर चौक इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 36 वर्षीय विवाहिता पिंकी गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी गुप्ता के पति सुरेश गुप्ता फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले हैं। गुरुवार रात जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो पिंकी का शव पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। घबराए परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


संतान न होने का दर्द बना कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी के 14 साल बाद भी संतान न होने के कारण पिंकी लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

मौके पर जांच, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



































