RAIPUR NEWS. राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ इलाज के लिए भर्ती कराया गया हत्या का एक सजायाफ्ता कैदी सुरक्षा में तैनात प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के भागने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

फरार कैदी की पहचान साहब कुमार ताती (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है। साहब कुमार को रायपुर की विशेष अदालत ने धारा 103(1) और 109 बीएनएस के तहत हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। वह 19 मार्च 2025 से लगातार जेल में बंद था।

बीमारी का बहाना बनाकर दिया चकमा
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से साहब कुमार की तबीयत खराब चल रही थी। जेल प्रबंधन ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेकाहारा अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया था। उसकी निगरानी के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

मंगलवार, 24 मार्च को कैदी ने किसी बहाने से ड्यूटी पर मौजूद प्रहरियों का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही वार्ड से रफूचक्कर हो गया। जब तक सुरक्षाकर्मियों को उसकी अनुपस्थिति का अहसास हुआ, वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल चुका था।

इलाके में अलर्ट, सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे अस्पताल परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। शहर के बाहरी रास्तों और बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस अस्पताल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि कैदी के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




































